शौचालय में नशा करते पकड़े दो युवक, एक पेशी के लिए आया था कोर्ट
HNN / ऊना
जिला में युवाओं को नशे ने इतनी बुरी तरह से जकड़ लिया है कि नशा करने के लिए युवा ना कोई स्थान देखते हैं ना ही कोई माहौल। मामला ऊना जिला के उपमंडल हरोली का है, यहां एक युवक नशे के मामले में पेशी भुगतने के लिए अपने पिता के साथ कोर्ट परिसर आया हुआ था। नशे की तलब लगते ही युवक बहाना बनाकर अन्य लड़के के साथ एमसी पार्क के शौचालय में आया और बाहर बने शौचालय में सिरिंज से दोनों युवक नशा करने लगे।
जब कुछ लोग शौचालय के लिए आए, तो उन्होंने देखा कि दोनों युवकों की बाजू में सिरिंज लगी हुई थी, दोनों नशे की हालत में थे। इतना ही नहीं जब उनकी तलाशी ली गई तो युवकों के पास से दो सिरिंज और पशुओं के लिए इस्तेमाल होने वाली टीके की शीशी बरामद हुई। जिस पर स्थानीय लोगों ने दोनों की पहले जमकर पिटाई की, फिर इनके परिजनों को मौके पर बुलाया।
इसके बाद दोनों नशेड़ियों को छोड़ा गया। उधर, एएसपी प्रवीण धीमान ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम एमसी पार्क गई थी, जहां पर स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई।