यमुना नदी में अवैध खनन पर पुलिस की दबिश, तीन ट्रैक्टर पकड़े, दो पर नहीं मिली नंबर प्लेट
पुरूवाला पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत यमुना नदी में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन ट्रैक्टर पकड़े हैं। भीमावाला और भंगानी के बीच नवनिर्मित पुल के पास सरकारी भूमि से रेत, बजरी और पत्थर निकालने का आरोप है। पुलिस ने तीनों ट्रैक्टर चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पांवटा साहिब
गुप्त सूचना मिलते ही यमुना नदी में पहुंची पुलिस
पुलिस चौकी सिंघपुरा की टीम श्री बाला सुंदरी मंदिर चौक के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि भीमावाला और भंगानी के बीच नवनिर्मित पुल के समीप यमुना नदी में सरकारी भूमि पर अवैध खनन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खनन गतिविधियों में इस्तेमाल किए जा रहे तीन ट्रैक्टरों को काबू किया।
दो ट्रैक्टरों की मदद से ट्राली में भरी जा रही थी खनन सामग्री
पुलिस के अनुसार मौके पर दो ट्रैक्टरों में लगी लिफ्टिंग बकेट की मदद से एक अन्य ट्रैक्टर की ट्राली में रेत, बजरी और पत्थरों का मिश्रण भरा जा रहा था। पकड़े गए ट्रैक्टरों में से एक का पंजीकरण नंबर UK16CA 4013 था, जबकि अन्य दोनों ट्रैक्टरों पर नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी।
उत्तराखंड के रहने वाले हैं तीनों ट्रैक्टर चालक
पुलिस ने ट्रैक्टर चालकों की पहचान इरफान पुत्र अबुल हसन, रवि कुमार पुत्र त्रिलोक सिंह और सादिक पुत्र क्यूम के रूप में की है। तीनों उत्तराखंड के देहरादून जिले की विकासनगर तहसील के गांव भीमावाला के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक तीनों चालक मौके पर खनन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सके।
सरकारी भूमि से खनन सामग्री चोरी करने का आरोप
तीनों ट्रैक्टर चालकों पर यमुना नदी में सरकारी भूमि से अवैध रूप से रेत, बजरी और पत्थर निकालकर ले जाने का आरोप है। इस संबंध में पुलिस थाना पुरूवाला में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।
