श्रीलंका में बन रहा सीता मां का मंदिर, भारत से भेजा जाएगा सरयू का जल
इस साल के शुरुआत में अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अब श्रीलंका में माता सीता का विशाल मंदिर बन रहा है। इस मंदिर में सीता मां की प्राण प्रतिष्ठा 19 मई को होगी, जिसके लिए अयोध्या की पवित्र सरयू नदी का जल श्रीलंका भेजा जाएगा। इसके लिए भारत सरकार ने प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पवित्र सरयू नदी का जल मंगाने के लिए श्रीलंका के प्रतिनिधिमंडल की ओर से उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार को पत्र लिखा था और मां जानकी की मूर्ति की प्रतिष्ठा के लिए जल भेजने का अनुरोध किया था। उत्तर प्रदेश सरकार को पत्र मिलने के बाद सरकार ने पर्यटन विभाग को जल भेजने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
श्रीराम मंदिर ट्रस्ट का कहना है कि इस पहल से दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध मजबूत होंगे और सांस्कृतिक संबंधों को बढ़ावा देने में इसके महत्व पर जोर देते हुए इस पहल की सराहना की है। इस बारे में अयोध्या तीर्थ विकास परिषद के सीईओ संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि श्रीलंका में सीता मां मंदिर का निर्माण किया जा रहा है।
मंदिर के प्रतिनिधि ने यूपी सरकार से सरयू नदी का पानी मांगा है। हम कलश में पवित्र जल उपलब्ध कराएंगे। सीता मां मंदिर में मां जानकी की प्राण प्रतिष्ठा का उद्देश्य दोनों देशों के दिलों को एकजुट करना है।