Loading...

श्री महामाया बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में 3000 देसी घी के दीपों से पहली बार सजेगा शिव तालाब, शिव-गौरा महाआरती बनेगी आकर्षण

Shailesh Saini 18 Mar 2026 Edited 18 Mar 1 min read

चैत्र नवरात्र मेले को लेकर तैयारियां पूरी, 25 लाख की आय के साथ सुरक्षा और सुविधाओं पर खास फोकस

नाहन (हिमाचल नाऊ न्यूज)

उत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री महामाया बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में इस बार चैत्र नवरात्र मेले नई भव्यता के साथ शुरू हो रहे हैं। पहली बार शिव तालाब मंदिर में 3000 देसी घी के दीपक जलाकर शिव-गौरा महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जो इस बार मेले का मुख्य आकर्षण रहेगा।

मंदिर न्यास के संयुक्त आयुक्त एवं एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने बताया कि 19 मार्च, 26 मार्च और 1 अप्रैल को आयोजित होने वाली यह महाआरती श्रद्धालुओं को एक दिव्य अनुभव प्रदान करेगी। इसके साथ ही शिव तालाब में नौका विहार की व्यवस्था भी इस बार विशेष आकर्षण के रूप में जोड़ी गई है।

मेले के सफल आयोजन को लेकर प्रशासन और मंदिर न्यास ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मेला क्षेत्र की निगरानी के लिए करीब 200 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत 70 पुलिस जवान, 150 होमगार्ड और 150 निजी सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए हैं।

इसके अलावा मंदिर न्यास के लगभग 500 कर्मचारी व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में जुटे रहेंगे।श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

हीमुडा की 86 बीघा भूमि के साथ-साथ सरकारी और निजी जमीन पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जहां करीब 200 भारी वाहनों, 1000 कारों और 1000 से अधिक दोपहिया वाहनों को खड़ा किया जा सकेगा।

मेला क्षेत्र को 6 ब्लॉकों में विभाजित किया गया है, जहां चिन्हित स्थानों पर ही लंगर लगाने की अनुमति होगी। निजी स्तर पर लंगर लगाने के लिए 5000 रुपये का न्यूनतम शुल्क निर्धारित किया गया है।

वहीं फूड सेफ्टी विभाग को मेले में बिकने वाली खाद्य वस्तुओं की गुणवत्ता की नियमित जांच के निर्देश दिए गए हैं।मंदिर न्यास को इस बार दुकानों, झूलों और पार्किंग के आवंटन से लगभग 25 लाख रुपये की आय प्राप्त हुई है।

गर्मी के मौसम को देखते हुए श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी पूरा प्रबंध किया गया है।हर वर्ष की तरह इस बार भी हिमाचल प्रदेश सहित हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश से लाखों श्रद्धालु माता के दरबार में शीश नवाने पहुंचेंगे।

श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी।अंत में संयुक्त आयुक्त ने बताया कि सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है, ताकि चैत्र नवरात्र मेले शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सकें।

Related Topics: