श्री शिरगुल देवता बैसाखी मेला-2026 के लिए निविदाएं आमंत्रित
श्री शिरगुल देवता बैसाखी मेला-2026 के आयोजन के लिए मेला समिति ने विभिन्न सेवाओं हेतु निविदाएं आमंत्रित की हैं। यह मेला 14 से 16 अप्रैल तक नेहरू ग्राउंड राजगढ़ में आयोजित होगा और 2 अप्रैल तक सीलबंद बोलियां जमा की जाएंगी। समिति ने पात्रता, ईएमडी और तकनीकी प्रक्रिया से जुड़े नियम भी स्पष्ट किए हैं।
राजगढ़
जिला स्तरीय श्री शिरगुल देवता बैसाखी मेला-2026 के आयोजन को लेकर मेला समिति ने विभिन्न व्यवस्थाओं एवं सेवाओं के लिए अल्पकालीन निविदाएं आमंत्रित की हैं। यह मेला 14 अप्रैल से 16 अप्रैल 2026 तक नेहरू ग्राउंड, राजगढ़ में आयोजित किया जाएगा।जारी सूचना के अनुसार मेला आयोजन के लिए टेंटेज एवं बैठक व्यवस्था, कुर्सियां, कुशन चेयर, सोफा सेट, फ्लोरिंग, सजावट, सांस्कृतिक कालीन, स्वागत द्वार, कार्यक्रम स्थल की सजावट, आंतरिक एवं बाह्य लाइटिंग व्यवस्था, ऑर्केस्ट्रा तथा साउंड सिस्टम आदि कार्यों के लिए सीलबंद निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। इसके अलावा मेला परिसर में दुकानों और स्टॉलों के लिए पूरे मेला ग्राउंड के प्लॉट भी खुली बोली/नीलामी के माध्यम से दिए जाएंगे।
मेला समिति ने स्पष्ट किया है कि दुकानों/स्टॉलों की नीलामी केवल ऐसे अनुभवी विक्रेताओं या इवेंट मैनेजरों को दी जाएगी, जिनका पिछले तीन वर्षों में वार्षिक टर्नओवर कम से कम 10 लाख रुपये रहा हो। निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 2 अप्रैल 2026 दोपहर 2 बजे निर्धारित की गई है, जबकि निविदाएं उसी दिन निर्धारित समयानुसार खोली जाएंगी।सूचना के अनुसार निविदाएं दो अलग-अलग लिफाफों में जमा करनी होंगी, जिनमें तकनीकी बोली और वित्तीय बोली अलग-अलग होंगी। दोनों लिफाफों को एक बड़े लिफाफे में बंद कर उस पर निविदा का नाम स्पष्ट रूप से अंकित करना अनिवार्य होगा।
तकनीकी बोली के साथ पैन कार्ड, जीएसटी नंबर, अंतिम जीएसटी रिटर्न की प्रति तथा निर्धारित अग्रिम जमानत राशि (ईएमडी) संलग्न करना जरूरी होगा। समिति ने स्पष्ट किया है कि बिना ईएमडी वाली तकनीकी बोलियां सीधे अस्वीकृत कर दी जाएंगी। केवल वही बोलीदाता वित्तीय अथवा खुली बोली में भाग ले सकेंगे, जिनकी तकनीकी बोली समिति द्वारा स्वीकृत होगी। साथ ही जिला, राज्य या राष्ट्रीय स्तर पर मेले के आयोजन के अनुभव प्रमाण-पत्र भी जमा करना आवश्यक होगा।
निविदा प्रपत्र कार्यालय के कक्ष संख्या-3 से नकद भुगतान पर प्राप्त किए जा सकते हैं। वहीं ईएमडी बैंक ड्राफ्ट अथवा एफडीआर के रूप में अध्यक्ष, श्री शिरगुल देवता बैसाखी मेला समिति-सह-उपमंडलाधिकारी (ना.), राजगढ़ के पक्ष में देय होगी।उपमंडलाधिकारी (ना.) राजगढ़ एवं अध्यक्ष मेला समिति ने जानकारी देते हुए बताया कि मेला समिति को किसी भी स्तर पर निविदाओं को निरस्त अथवा संशोधित करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।