संकट की घड़ी में पड़ोसी बने सहारा, घर में चिंगारी सुलगने से हुए बेघर
HNN / चंबा
हिमाचल प्रदेश में एक ओर जहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है, वहीं दूसरी ओर कुछ लोग इस कड़ाके की ठंड में अपने ही घर से बेघर हो रहे हैं। प्रदेश में रोज अग्निकांड की घटनाएं पेश आ रही है। अब जिला चंबा के भटियात में भीषण अग्निकांड की घटना पेश आई, जिसमें एक परिवार अपने घर से बेघर हो गया। कड़ाके की ठंड में पीड़ित परिवार को उनके पड़ोसियों ने सहारा दिया।
बता दे कि देर रात छज्जू राम के घर में अचानक चिंगारी सुलग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत यह रही कि आग की भनक जैसे ही परिवार को लगी वह तुरंत बाहर आ गए। आग को बुझाने का परिवार और स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास किया लेकिन सफलता हाथ नहीं लग पाई।
वहीं, तहसीलदार सिहुंता सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि मौके पर प्रशासन की ओर से कानूनगो व पटवारी धुलारा ने नुक्सान का जायजा लिया है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को 5000 रुपए की फौरी राहत प्रदान की गई है। इसके साथ ही 4 कंबल व 4 गद्दे भी प्रभावित परिवार को दिए हैं।