संदिग्ध परिस्थितियों में लापता बच्ची का शव बरामद, जाँच में जुटी पुलिस
HNN / शिमला
जिला शिमला के कोटखाई तहसील के तहत आते बागी में 10 दिसंबर से लापता हुई बच्ची का नाले से शव बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेज दिया है। जानकारी के अनुसार बागी गांव में एक बागवान के पास नेपाली मूल का परिवार काम करता है। दस दिसंबर को नेपाली मजदूर के परिवार की नौ वर्षीय बच्ची सुबह आंगन में खेल रही थी।
इसी बीच वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों ने बच्ची की हर जगह तलाश की, लेकिन बच्ची का कही कोई सुराग नहीं लगा। जिसके बाद परिजन थक हार कर बागी पुलिस चौकी पहुंचे और गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद कई दिनों तक पुलिस और परिजन दोनों बच्ची को ढूंढते रहे, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा। इसी बीच देर शाम एक कुत्ता मानव अंग लेकर गांव में घूम रहा था।
कुत्ते के मुंह में मानव अंग देखकर लोगों में हड़कंप मच गया और उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में छानबीन की, तो नाले के समीप झाड़ियों में कुछ कुत्ते शव को नोच रहे थे। इसके बाद पुलिस ने कुत्तों के कब्जे से शव को छुड़वाया और जाँच की तो पाया कि शव किसी बच्ची का है। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेज दिया।
उधर, डीएसपी ठियोग सिद्धार्थ शर्मा ने लापता बच्ची का शव मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारण का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।