संदिग्ध परिस्थितियों में जंगल में मिला कंकाल, मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस
HNN/ मंडी
जिला मंडी में आज रविवार को जंगल से एक कंकाल संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया है। मामला जिला के प्रवेश द्वार सलापड़ के समीप लहली गांव के जंगल में पेश आया है, जहां नेशनल हाईवे- 21 चंडीगढ़-मनाली से लगभग 200 मीटर नीचे जंगल में कंकाल मिला है।
लेकिन अभी मामले में कंकाल किसी महिला या पुरुष के होने की भी पुष्टि नहीं हो पाई है। मामले की सूचना स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस थाना सुंदरनगर को दी गई। इस पर डीएसपी दिनेश कुमार, एसएचओ सुंदरनगर भारत भूषण और सलापड़ पुलिस चौकी की टीम ने मौके पर पहुंचकर कंकाल को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस द्वारा मामले में मौके का दौरा कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं।लेकिन अभी तक जंगल में मिले कंकाल की शिनाख्त नहीं हो पाई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को कांगू-सलापड़ क्षेत्र के लोगों द्वारा पुलिस थाना सुंदरनगर को सलापड़ के समीप लहली गांव के जंगल में एक कंकाल मिलने की सूचना दी गई।
इस पर पुलिस थाना सुंदरनगर और पुलिस चौकी सलापड की संयुक्त टीम ने डीएसपी दिनेश के नेतृत्व में मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।