संदिग्ध परिस्थितियों में मिला लापता कारपेंटर का शव, जांच में जुटी पुलिस
HNN/मंडी
जिला मंडी में उपमंडल धर्मपुर के सज्योपिपलू गांव में पांच दिन बाद एक लापता व्यक्ति का शव घर से कुछ दूरी पर पेड़ से लटका हुआ मिला है। मृतक की पहचान संजय कुमार पुत्र अमृत लाल गांव सज्योपिपलू के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, संजय कुमार कारपेंटर का कार्य करता था। 23 दिसंबर से संजय कुमार लापता था और बुधवार सुबह ही परिजनों से पुलिस चौकी टिहरा में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
शिकायतकर्ता के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर संजय कुमार की तलाश शुरू कर दी थी। इस दौरान संजय कुमार की मोबाइल लोकेशन की जांच की तो वह घर के नजदीक ही आई। इसकी सूचना उन्होंने परिजनों को दी और घर के नजदीक संजय कुमार की तलाश करने के लिए घर वालों को कहा। पुलिस के लोकेशन बताने के बाद जब परिजनों ने संजय कुमार की तलाश की तो वह घर से कुछ ही दूरी पर जंगल में पेड़ से लटका हुआ मिला।
जिसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। साथ ही मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। फिलहाल अभी तक परिजनों ने किसी भी तरह का शक जाहिर नहीं किया है।
डीएसपी सरकाघाट संजीव गौतम ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले में जांच जारी है। फिलहाल आत्महत्या से ही मामला जुड़ रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान रखते हुए जांच पड़ताल कर रही है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।