Arrest / संकटमोचन मंदिर चोरी की पूरी संपत्ति बरामद, जंगल में मिले करीब 13 किलो के तीन चांदी के मुकुट
Arrest / शिमला के ऐतिहासिक संकटमोचन मंदिर में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पूरी चोरीशुदा संपत्ति बरामद कर ली है। मंदिर के गर्भगृह से चुराए गए करीब 13 किलो वजन के तीन चांदी के मुकुट और अन्य धार्मिक आभूषण कमयाणा तथा भराड़ी के समीप जंगल में छिपाए गए थे। पुलिस के अनुसार करीब 22 दिन तक चली जांच के बाद आरोपी की पहचान हुई और चोरी गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई।
शिमला
चोरी की वारदात एक नवंबर 2026 की रात हुई थी। आरोपी मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर परिसर और फिर गर्भगृह तक पहुंचा था। वहां से तीन चांदी के मुकुट तथा सोने-चांदी के अन्य धार्मिक आभूषण चोरी किए गए थे। मंदिर के दानपात्रों से भी नकदी निकाली गई थी, जिसका अनुमान करीब 10 से 12 हजार रुपये लगाया गया। मंदिर प्रबंधन की शिकायत पर बालूगंज पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(D) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से हुई पहचान
जांच के दौरान मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस के लिए महत्वपूर्ण साबित हुई। फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने शिमला जिले की सुन्नी तहसील के बसंतपुर निवासी 31 वर्षीय हितेन्द्र कंवर उर्फ बंटी की पहचान की। पुलिस ने उसे सोमवार को भारतीय न्याय संहिता की धारा 120B के तहत गिरफ्तार किया। इसके बाद पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर चोरी की संपत्ति की तलाश शुरू की गई।
जंगल से बरामद हुईं धार्मिक वस्तुएं
आरोपी की निशानदेही पर 23 नवंबर को कमयाणा और भराड़ी के समीप जंगल से मंदिर की चोरीशुदा वस्तुएं बरामद की गईं। इनमें हनुमान जी की गदाएं, चांदी के मुकुट, छत्र, पायल, कड़े, कुंडल, कटोरियां, चम्मच, हार, चांदी की जोत, चरण पादुकाएं और अन्य धार्मिक वस्तुएं शामिल हैं। बरामदगी के समय संकटमोचन मंदिर के ट्रस्टी भी उपस्थित रहे। उन्होंने इन वस्तुओं की पहचान मंदिर से चोरी हुई संपत्ति के रूप में की, जिसके बाद पुलिस ने सामान को नियमानुसार कब्जे में ले लिया।
शिमला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई पूरी संपत्ति बरामद हो चुकी है। बरामद सामान की पहचान मंदिर के ट्रस्टियों से करवाई गई है और मामले में आगामी जांच जारी है। संकटमोचन मंदिर का इतिहास संत नीम करौरी बाबा की साधना से जुड़ा है। वर्ष 1962 में मंदिर का निर्माण शुरू हुआ था और 21 जून 1966 को इसका उद्घाटन किया गया था। यह मंदिर स्थानीय श्रद्धालुओं और पर्यटकों के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है।

