NDPS / सुबाथू रोड पर मकान में SIU की दबिश, 6.19 ग्राम चिट्टे के साथ चार गिरफ्तार
NDPS / सोलन जिला पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट ने सुबाथू रोड स्थित एक मकान में दबिश देकर चार युवकों को 6.19 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ सदर थाना सोलन में NDPS एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों से पूछताछ के साथ उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और नशे से जुड़ी गतिविधियों के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
सोलन/सोलन
पुलिस के अनुसार, SIU टीम को 23 नवंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि सुबाथू रोड स्थित एक मकान में कुछ युवक नशीले पदार्थ से संबंधित गतिविधियों में संलिप्त हैं। सूचना के आधार पर टीम ने मकान के एक कमरे में दबिश दी। कमरे में मौजूद चार युवकों की तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 6.19 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने चारों युवकों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया और उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई शुरू की।
गिरफ्तार आरोपियों की हुई पहचान
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करण (19) निवासी डूगा मोड़, सुबाथू रोड, सोलन; अमन परिहार (25) निवासी जाबल जमरोट, जिला सोलन; अंशुल गुरंग (27) निवासी लाडेरा, तहसील भटियात, जिला चंबा और विशाल (21) निवासी उदय विहार कॉलोनी, सपरून, सोलन के रूप में की है। चारों के खिलाफ सदर थाना सोलन में NDPS एक्ट की धारा 21 और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच
एसपी सोलन टी. एसडी. वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस चारों आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है। मामले की आगामी जांच जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नशीले पदार्थ से संबंधित गतिविधियों में अन्य लोगों की कोई भूमिका है या नहीं।

