संदिग्ध हालत में मिला 65 वर्षीय वृद्ध का शव, जांच में जुटी पुलिस
HNN/ ऊना
जिला ऊना के उपमंडल अंब के तहत लोहरा में एक बुजुर्ग का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। मृतक की पहचान 65 वर्षीय कुलवंत सिंह पुत्र भूरी सिंह निवासी गांव लोहारा के तौर पर की गई है।
पुलिस ने टांडा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले कर दिया है। हालाँकि बुजुर्ग की मौत किन कारणों से हुई है इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। वहीं पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, बीती 9 जून को कुलवंत सिंह गांव की तरफ गया था, लेकिन वापिस नहीं लौटा। कहीं कोई सुराग नहीं लगने पर परिजनों ने 13 जून को अंब थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
जिसके बाद अब सड़ी-गली हालत में बुजुर्ग का शव लोहारा शिव मंदिर के समीप बांस के झुंड के साथ बरामद हुआ है। डीएसपी अंब वसुधा सूद ने मामले की पुष्टि की है।