संसद का विशेष सत्र बुलाकर देश को पाकिस्तान संघर्ष विराम की पूरी जानकारी दें : प्रतिभा सिंह
शिमला
आतंकवाद के खिलाफ केंद्र के किसी भी फैसले का समर्थन करेगी कांग्रेस, प्रतिभा सिंह का बड़ा बयान
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ केंद्र सरकार के किसी भी कड़े फैसले का समर्थन करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को पाकिस्तान के खिलाफ आतंकवाद की इस लड़ाई में किसी भी बाहरी दबाव में नहीं आना चाहिए।
संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग
प्रतिभा सिंह ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि संसद का विशेष सत्र बुलाकर पाकिस्तान के साथ संघर्ष विराम की पूरी जानकारी देश के सामने रखी जाए। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर विशेष सत्र बुलाने की मांग की है।
पाकिस्तानी आतंकवादियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई हो
प्रतिभा सिंह ने पहलगाम में पाक प्रायोजित आतंकवादियों द्वारा निर्दोष लोगों की निर्मम हत्या की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इस घटना के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा में शहीद हुए जवानों की शहादत का पूरा सम्मान किया जाना चाहिए।