Loading...

संस्था में दिव्यांग बच्चे के साथ मारपीट करने का आरोप, मामला दर्ज

PARUL • 29 Dec 2023 • 1 Min Read

HNN/बिलासपुर

जिला बिलासपुर में उपमंडल घुमारवीं के तहत आने वाली नसवाल स्थित एक संस्था में एक दिव्यांग बच्चे के साथ मारपीट करने का मामला संज्ञान में आया है। दिव्यांग बच्चे के माता-पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस थाना घुमारवीं ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बच्चे के माता-पिता ने पुलिस को बताया कि उनका 6 साल का बेटा है। वह बचपन से दिव्यांग है।

करीब तीन माह पहले नसवाल स्थित दिव्यांग बच्चों की देखभाल करने वाली संस्था में उसे दाखिल कर दिया। बेटे की जिला अस्पताल से भी दवा दी जा रही है। करीब 20 दिन पहले संस्था में बेटे की दवा देने गए तो संस्था के संचालक ने बताया कि आपका बेटा कपड़ों में मल- मूत्र कर देता है, इसलिए उसे नहीं रख सकते। इसी बीच संचालक की पत्नी वहां आई। उसने विश्वास दिलाया कि वह बच्चे की देखभाल कर लेगी। इसके बाद उन्होंने बच्चे को वहां रहने दिया।

जिसके बाद चार दिन उन्हें पहले संस्था से फोन पर बताया कि बच्चे को जुकाम हुआ है। वह रविवार को बच्चे को लेने संस्था पहुंच गए। जब बच्चे को देखा तो उसके चेहरे, टांगों, बाजू और हाथों की उंगलियों पर नीले निशान पड़े हुए थे। उन्होंने बताया कि निशान देखकर साफ पता चल रहा था कि बेटे को पीटा गया है। जिसके बाद उन्होंने पुलिस थाना घुमारवीं में संस्था के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

वहीं संस्था की स्पेशल टीचर के अनुसार बच्चे को किसी दूसरे बच्चे की ओर से धक्का दिए जाने पर वह सीढि़यों से गिर गया। इस कारण उसे चोट आई है। इसकी जानकारी माता-पिता को दे दी गई थी। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार या मारपीट नहीं की गई है। डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।