सऊदी अरब ने भारतीयों को दिया तोहफा, अब वीजा के लिए नहीं करना होगा यह काम…
सऊदी अरब जाने वाले भारतीय नागरिकों के लिए एक अच्छी खबर है। अब भारतीय नागरिकों को सऊदी अरब का वीजा हासिल करने के लिए पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट (पीसीसी) जमा नहीं करना होगा। ये फैसला दोनों देशों के बीच बढ़ते संबंधों को और बेहतर करने के लिए उठाया गया है।
दिल्ली में सऊदी दूतावास ने ट्वीट किया, सऊदी अरब और भारत के बीच मजबूत संबंधों और रणनीतिक साझेदारी को देखते हुए किंगडम ने भारतीय नागरिकों को पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट जमा करने से छूट देने का फैसला किया है। दूतावास की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि भारतीय नागरिकों को वीजा हासिल करने के लिए अब पीसीसी जमा करने की जरूरत नहीं होगी।