सड़क एवं मौसम की स्थिति को लेकर जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी, सुबह 9 बजे से…
HNN / लाहौल-स्पीति
जिला लाहौल-स्पीति में सड़क एवं मौसम की स्थिति और एनएच-003 पर जमी हुई बर्फ तथा फिसलन वाली सड़क की स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा एडवाइजरी जारी की गई है। उपायुक्त लाहौल-स्पीति सुमित खिमटा ने जारी एडवाइजरी में बताया कि सभी स्थानीय और पांगी उपमंडल जाने वाले वाहनों (ट्रक को छोड़कर) अटल टनल रोहतांग के माध्यम से जिले में प्रवेश करने की केवल सुबह 09:00 बजे से शाम 04:00 बजे तक बिना किसी प्रतिबंध के अनुमति प्रदान की है।
उपायुक्त सुमित खिमटा ने आदेश जारी किए हैं कि केवल 4 x 4 पर्यटकों के वाहनों को प्रातः 09:00 से सायं 04:00 बजे तक अटल टनल रोहतांग ( इसके विपरीतता से) जिले में प्रवेश करने की अनुमति अगले आदेश तक है। उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिए हैं कि पुलिस विभाग लाहौल एवं स्पीति यातायात प्रबंधन की देखरेख करेगा और जिला कुल्लू पुलिस के साथ समन्वय से कार्य करेंगे।
उपायुक्त ने खराब मौसम के कारण स्थानीय लोगों और पर्यटकों को घाटी में यात्रा करते समय बेहद सतर्क रहने की सलाह दी है । हिमपात के मामले में उनसे अनुरोध किया है कि सुरक्षित स्थानों पर रहें व सभी होटल और होमस्टे मालिकों से भी अनुरोध किया है कि वे अपने मेहमानों को भी इसी तरह सलाह दें। किसी भी आपातकाल की स्थिति में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, जिला लाहौल एवं स्पीति को 94594-61355, 01900202509, 510, 517 और टोल फ्री नंबर- 1077 पर सूचित करें।