सड़क पर चल रहे बुजुर्ग पर आवारा बैल ने किया हमला, बाल-बाल बची जान
HNN/ बिलासपुर
क्षेत्र में आवारा पशुओं के आतंक ने शहरवासियों के नाक में दम करके रखा हुआ है। इस वजह से राहगीरों का सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। दिन- प्रतिदिन सड़क पर आवारा पशुओं का जमावड़ा बढ़ता ही जा रहा है, जिस वजह से आए दिन घटनाएं घटती रहती हैं। इसी कड़ी में जिला बिलासपुर में जबली चौक का एक मामला सामने आया है। यहां एक आवारा पशु ने बुजुर्ग पर हमला कर दिया है जिससे उसे काफी चोटें आई है।
इस घटना का एक वीडियो सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुआ है। जिसमे एक बुजुर्ग व्यक्ति सड़क पर पैदल जा रहा था और जैसे ही वह जबली चौक के समीप पहुंचा तो सड़क पर घूम रहे दो आवारा पशुओं में से एक पशु ने बुजुर्ग व्यक्ति पर हमला कर दिया। व्यक्ति ने पशु से बचने का प्रयास किया परंतु उन्हें इस दौरान काफी चोटे आ गई।
जिसके बाद राहगीरों की मदद से किसी तरह बुजुर्ग व्यक्ति की जान बच पाई। राहगीरों ने घायल व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।