Loading...

सतलुज से बरामद हुआ लापता युवक का शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार..

PRIYANKA THAKUR • 23 Jan 2023 • 1 Min Read

HNN / शिमला

विकासखंड निरमंड के तहत आते गांव चाटी से लापता किन्नौर के युवक का शव सतलुज नदी से पुलिस ने बरामद कर लिया है। युवक की पहचान निशांत नेगी पुत्र बलविंदर सिंह के रूप में हुई है, जो चाटी में किराए के मकान में रहता था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। दरअसल, 4 जनवरी को निशांत अचानक लापता हो गया। इसके बाद मकान मालिक ने परिजनों और पुलिस को इसकी सूचना दी।

पुलिस ने निशांत की हर जगह तलाश की लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लग पाया। वहीं, रविवार को स्थानीय लोगों ने सतलुज नदी के किनारे एक शव को देखा और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और देखा कि यह शव लापता युवक निशांत का है। इसके बाद परिजनों को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने रविवार को ही शव का पोस्टमार्टम करवाया और शव गृह में रखवा दिया।

अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही खुलासा होगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी आनी रविंद्र नेगी ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है।