सतौन में तेज रफ्तार डंपर ने ली राहगीर की जान
गुस्साए ग्रामीणों ने एनएच-707 किया जाम, आरोपी चालक फरार
हिमाचल नाऊ न्यूज़
पांवटा साहिब उपमंडल के सतौन में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सतौन बस स्टैंड के समीप तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से एक राहगीर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया और गुस्साए ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-707 पर चक्का जाम कर दिया।
मृतक की पहचान इंद्र सिंह पुत्र शेर सिंह निवासी गांव मझौली, डाकघर कोड़गा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि इंद्र सिंह सड़क पार कर दुकान से सामान लेने जा रहे थे। इसी दौरान दूसरी ओर से तेज रफ्तार में आए डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिर पड़े और डंपर उन्हें कुचलता हुआ निकल गया। हादसा इतना भयावह था कि इंद्र सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। हादसे के बाद लोगों का गुस्सा उस समय और बढ़ गया जब ट्राले को लेकर पुलिस कार्रवाई को लेकर अलग-अलग बातें सामने आने लगीं। ग्रामीणों का आरोप था कि पहले पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेने की बात कही, लेकिन बाद में इससे इनकार कर दिया गया।
इसी को लेकर गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने एनएच-707 पर चक्का जाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया।
स्थिति बिगड़ती देख पुरुवाला थाना पुलिस और डीएसपी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और हादसे में शामिल वाहन व चालक की तलाश तेज कर दी गई।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे तेज रफ्तार डंपरों और ट्रालों को लेकर लोगों में पहले से ही भारी नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण और सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार चालक की तलाश जारी है।