Loading...

सत्ता के संरक्षण में अराजकता का आरोप, कांग्रेस सरकार पर बरसे डॉ. बिंदल

Shailesh Saini • 6 Hours Ago • 1 Min Read

कांग्रेस राज में कानून के अलग-अलग पैमाने : डॉ. बिंदल

हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि हिमाचल में सत्ता के संरक्षण में अराजकता और दादागिरी को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून के अलग-अलग पैमाने नजर आ रहे हैं और सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों के लिए अलग तथा विपक्ष के लिए अलग व्यवस्था दिखाई दे रही है

।डॉ. बिंदल ने शिमला की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि पुलिस की मौजूदगी में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया, सरकारी कार्यालय को आग लगाने की धमकी दी गई और पुलिस वाहन पर चढ़कर उसे क्षतिग्रस्त किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटनाक्रम कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार, प्रभारी रजनी पाटिल और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की मौजूदगी में हुआ।

बिंदल ने कहा कि यदि सत्ता के प्रभाव में पुलिस को ही दबाया जाएगा तो आम आदमी कानून पर कैसे भरोसा करेगा।उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता प्रदर्शन करें या नारे लगाएं तो एफआईआर दर्ज होती है, लेकिन कांग्रेस से जुड़े लोगों पर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस को धमकाने के आरोप लगें तो कार्रवाई के बजाय संरक्षण मिलता है।

उन्होंने इसे कांग्रेस सरकार की दोहरी नीति करार दिया।सोलन में कांग्रेस के कार्यक्रम को लेकर भी बिंदल ने निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपनी ही सरकार के खिलाफ “भैंस के आगे बीन बजाने” वाली स्थिति पैदा कर दी है।

उनका आरोप था कि मुख्यमंत्री सोलन की आवाज नहीं सुन रहे और जिले की लगातार अनदेखी हो रही है।बिंदल ने चुनाव आयोग को लेकर कांग्रेस के रुख पर भी सवाल उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक जमीन खिसकती देखकर कांग्रेस अभी से अपनी हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ने की तैयारी कर रही है।

उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने पर कांग्रेस को आयोग सही नजर आता है, लेकिन हारने पर वही आयोग निशाने पर आ जाता है।उन्होंने कहा कि “सैंया भये कोतवाल तो डर काहे का” वाली मानसिकता लोकतंत्र में नहीं चल सकती। सत्ता आती-जाती है, लेकिन कानून और लोकतांत्रिक संस्थाएं स्थायी हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता अराजकता और दादागिरी को स्वीकार नहीं करेगी।