सब्जी की दुकान चढ़ी आग की भेंट, हजारों का नुक्सान
HNN / धर्मशाला
जिला कांगड़ा के शाहपुर बाजार में सुबह के समय अचानक सब्जी की दुकान में आग लग गई। दुकान में आग लगती देख बाजार में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और अंदर रखी सब्जियां और अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड से पीड़ित दुकानदार को हजारों का नुक्सान हुआ है।
जानकारी के अनुसार यह दुकान डोहब निवासी नवीन और अजय की थी। उन्होंने बताया कि शाहपुर बाजार में कई साल से वह सब्जी की दुकान लगाते हैं, जिससे उन्हें घर खर्च चलाने में काफी मदद मिलती है। लेकिन सुबह करीब पांच बजे उन्हें सूचना मिली कि उनकी दुकान में आग लगी हुई है।
जब वह दोनों मौके पर पहुंचे तो देखा कि दुकान के अंदर रखी सब्जियां और अन्य सामान जलकर राख हो चूका था। आग इतनी भयंकर थी कि अग्निशमन की गाड़ी को बुलाना पड़ा। अग्निशमन कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।