समापन समारोह / उपायुक्त ने की हिमाचल प्रदेश अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रदर्शनी 2024 के समापन समारोह की अध्यक्षता
Himachalnow / नाहन
उपायुक्त सिरमौर सुमित खिम्टा ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय की खरीद व विपणन सहायता योजना के तहत नाहन चौगान में आयोजित तीन दिवसीय हिमाचल प्रदेश अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रदर्शनी 2024 के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने मेले में लगे विभिन्न स्वयं सहायता समूहों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमियों द्वारा प्रस्तुत प्रदर्शनियों का अवलोकन किया।
उपायुक्त सुमित खिम्टा ने सभी एमएसएमई सदस्यों और सहभागियों को मेले के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को आगे लाना उनकी प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने महिलाओं के उत्थान और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए बताया कि राज्य और केंद्र सरकारें महिला सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय मेले ने स्वयं सहायता समूहों और लघु उद्यमियों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने और बिक्री के लिए एक आदर्श मंच उपलब्ध करवाया है। सहायक निदेशक ए.के. गौतम ने मेले की सफलता में उपायुक्त के योगदान की सराहना की और एमएसएमई मंत्रालय की विकासात्मक योजनाओं की जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने मेले में भाग लेने वाले उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। इससे पहले पीएचडीसीसीआई के निदेशक अनिल सोखला ने मुख्य अतिथि को शाल, टोपी और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। मेले में 50 उद्योगों और स्वयं सहायता समूहों ने भाग लिया, और विभिन्न विभागों ने सरकारी योजनाओं की जानकारी के लिए प्रदर्शनियां लगाईं।