सरकार के 1 साल के जश्न पर सिरमौर भाजपा का सड़कों पर आक्रोश प्रदर्शन
सुखराम बोले- झूठी सरकार का अब गोबर, दूध पर भी वायदा परिवर्तन
HNN/नाहन
प्रदेश सरकार के 1 वर्ष के जश्न पर सिरमौर भाजपा ने जिला मुख्यालय नाहन में जमकर आक्रोश प्रदर्शन किया। रैली प्रभारी पूर्व मंत्री व विधायक सुखराम चौधरी तथा जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता की अध्यक्षता में आक्रोश जुलूस भी निकला गया। इस आक्रोश और जुलूस प्रदर्शन में सैंकड़ों की तादाद में पांचों मंडलों के कार्यकर्ताओं ने हिस्सा भी लिया। हिंदू आश्रम से माल रोड होते हुए निकाले गए जुलूस के बाद बड़ा चौक में जनसभा भी आयोजित हुई।

रैली प्रभारी व कार्यक्रम मुख्य वक्ता सुखराम चौधरी ने कांग्रेस सरकार पर 1 साल में बद से भी बदहाल किए जाने का आरोप लगाया। सुखराम चौधरी ने कहा कि प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर अब वायदा परिवर्तन करना भी शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस सरकार ने गोबर खरीदने और दूध को 100 रुपए प्रति लीटर खरीदने का वादा किया था।

उन्होंने कहा कि अब सुक्खू सरकार गोबर की जगह गोबर की खाद खरीदने का वादा कर रही है तो कहीं दूध की जगह कुछ और खरीदने का फायदा कर सकती है। सुखराम चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 1 वर्ष में जन विरोधी निर्णय लेने में रिकॉर्ड कायम किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व में रही जयराम सरकार ने 1050 से भी अधिक जनहित योजनाएं जनता की मांग पर शुरू की थी। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि अब प्रदेश की इस कांग्रेस सरकार ने उन तमाम संस्थाओं को बंद कर दिया है।

उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान कांग्रेस ने 300 यूनिट बिजली मुफ्त देने की जगह 22 पैसे प्रति यूनिट रेट बढ़ाकर बड़ा व्यवस्था परिवर्तन किया है। सुखराम चौधरी ने कहा कि सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने जिन झूठी गारंटीयों के दम पर सत्ता हासिल की थी वह तमाम गारंटीयां धरातल पर भी नहीं उतर पाई है। चौधरी ने सरकार को पलटू राम की सरकार कहते हुए आज तक की सबसे बड़ी विफल सरकार करार दिया।
वहीं मंच से जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता सहित विधायक रीना कश्यप, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व सिविल सप्लाई कारपोरेशन के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर, रेणुका विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी रहे नारायण सिंह आदि ने भी प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर हल्ला बोला। आक्रोश दिवस के मौके पर जिला सिरमौर के पांचों मंडलों के मंडल अध्यक्ष सहित महिला मोर्चा किसान मोर्चा सहित तमाम मोर्चों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।