सरकार हमारी खामोशी को हमारी कमजोरी ना समझे- उपायुक्त कार्यालय कर्मचारी संघ सिरमौर
हम सरकार पर बगैर दबाव बनाए शांतिपूर्वक वार्ता चाहते हैं- सुदेश तोमर
HNN/ नाहन
मिनिस्ट्रियल स्टाफ के स्टेट कैडर उपायुक्त कार्यालय कर्मचारी संघ जिला सिरमौर ने आज प्रेस क्लब नाहन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें संघ के अध्यक्ष सुदेश ठाकुर ने सरकार को स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार स्टेट कैडर की अधिसूचना पर पुनर्विचार करे। सुदेश ठाकुर ने कहा कि सरकार उन्हें उनकी मांगों को लेकर उनसे एक बार बातचीत का अवसर जरूर दें।
उन्होंने कहा कि वह अपनी मांगों और मुद्दों को लेकर सरकार पर किसी भी तरह का अनुचित दबाव बनाने के पक्ष में नहीं हैं, बावजूद इसके सरकार बार-बार अनुरोध करने के बाद भी वार्ता के लिए नहीं बुला रही है। संघ ने कहा कि उन्हें स्टेट कैडर से कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन इसके कारण उनके प्रोमोशन और वरिष्ठता का नुकसान हो रहा है, जिस पर सरकार को विचार करना चाहिए।
संघ ने अपनी सीनियोरिटी और वरिष्ठता को पहले की तरह ही रखने का अनुरोध किया ताकि किसी भी कर्मचारी को नुकसान न हो। संघ ने कहा कि अगर उनकी मांगों को लेकर सरकार कोई सार्थक प्रयास नहीं करती तो उन्हें मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। संघ ने यह भी कहा कि सरकार द्वारा जनहित में लिए गए फैसलों के लिए वे सरकार के साथ खड़े हैं, साथ ही यह भी अनुरोध किया कि सरकार उन्हीं जायज मांगों पर विचार करे।
संघ ने यह भी अनुरोध किया कि उनके प्रोमोशनल कोटा में किसी प्रकार की छेड़छाड़ न की जाए। संघ ने मीडिया के माध्यम से यह भी स्पष्ट किया कि उपायुक्त कार्यालय के कर्मचारी एक ही स्थान और वर्षों डटे नहीं रहते हैं, बल्कि उनका स्थानांतरण अधीनस्थ कार्यालयों में भी किया जाता है, जो कि जिले में 19 कार्यालय हैं।