सराज क्षेत्र में आपदा के बाद कई मार्गों पर परिवहन निगम की मिनी बस सेवाएं शुरू
टेम्पो ट्रैवलर सेवाएं शुरू होने से बगस्याड़, जंजैहली, थुनाग समेत दुर्गम इलाकों को राहत
सराज
उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया है कि हिमाचल पथ परिवहन निगम ने शुक्रवार से आपदा प्रभावित सराज विधानसभा क्षेत्र के कई मार्गों पर मिनी बस सेवाएं बहाल कर दी हैं। इससे स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली है।
लंबे इंतजार के बाद फिर शुरू हुई परिवहन सुविधा
सराज क्षेत्र में आपदा के चलते कई मार्गों पर परिवहन सेवाएं बाधित हो गई थीं। उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि अब हालात सामान्य हो रहे हैं और ऐसे में परिवहन निगम ने बगस्याड़, जंजैहली, छतरी, सराची, थुनाग और चियूणी चेत जैसे दुर्गम इलाकों में टेम्पो ट्रैवलर सेवाएं बहाल कर दी हैं।
निगम की अन्य बस सेवाओं से जोड़ा गया नेटवर्क
मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि इन टेम्पो ट्रैवलर सेवाओं को बगस्याड़ में निगम की अन्य मुख्य बस सेवाओं से जोड़ा गया है, जिससे यात्रियों को मंडी जिला मुख्यालय सहित अन्य स्थानों तक पहुंचने में अब आसानी होगी। निगम द्वारा इन सेवाओं को सुचारू और समयबद्ध बनाने की पूरी व्यवस्था की गई है।
सरकार का लक्ष्य: सामान्य जनजीवन की शीघ्र बहाली
उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के बाद लोगों को यातायात में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। सरकार की प्राथमिकता सभी आवश्यक सेवाओं को बहाल करना है, ताकि आम जनजीवन फिर से पटरी पर लौट सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि परिवहन व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में भी लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।