Loading...

सर्दी और घने कोहरे का सितम कायम, लोगों सहित वाहन चालकों को उठानी पड़ रही परेशानियां

SAPNA THAKUR 11 Jan 2023 Edited 11 Jan 1 min read

HNN/ शिमला

हिमाचल प्रदेश के मैदानी जिले इन दिनों घने कोहरे से घिरे हुए हैं। खास तौर पर मैदानी जिलों में सुबह-शाम पड़ रहा घना कोहरा हर किसी के लिए मुसीबत बना हुआ है। घने कोहरे के कारण न केवल लोगों बल्कि फसलों पर भी बुरा प्रभाव पड़ रहा है। प्रदेश में लंबे समय से बारिश नहीं हुई है जिससे फसलें सूखने के कगार पर आ गई है।

बता दें कि मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, सिरमौर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी और सोलन के कुछ क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय धुंध पड़ रही है। घने कोहरे के कारण लोगों को सूर्य देव के दर्शन भी अब दुर्लभ हो गए हैं। कोहरे के कारण तापमान लगातार गिरता जा रहा है जिससे लोग कड़ाके की ठंड का सामना कर रहे हैं।

कोहरे के कारण लोग न केवल बीमारी की चपेट में आ रहे हैं बल्कि वाहन चालकों के लिए भी यह किसी मुसीबत से कम नहीं है। घनी धुंध से विजिबिलिटी बेहद कम हो रही है जिससे हर वक्त दुर्घटना का अंदेशा बना हुआ है। हालांकि पुलिस प्रशासन की ओर से घने कोहरे को लेकर एडवाइजरी जारी की गई है जिसमें सेफ ड्राइविंग करने के कुछ जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं।