सर्दी के मौसम में बढ़ जाती है आगजनी की घटनाएं, बीडीओ ने जारी किए दिशा-निर्देश
HNN/ मंडी
हिमाचल में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ऐसे में लोग ठंड से बचने के लिए तरह-तरह के जतन करते हैं। कमरों को गर्म रखने के लिए अंगीठी और हीटर सहित कई उपकरण जलाए जाते हैं। लेकिन कमरों को गर्म रखने के लिए ये जतन जानलेवा भी हो जाते हैं। साथ ही अंगीठी, हीटर और चूल्हे की आग से लोगों के घर भी आग की भेंट चढ़ जाते हैं। इसी को देखते हुए जिला मंडी के तहत करसोग में बीडीओ ने जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
बीडीओ अमित कल्थाईक ने कहा कि सर्दी के मौसम में आग की अधिक घटनाएं होने से लोगों को जानमाल का नुक्सान भी उठाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि घर से बाहर जब भी जाएं व रात को सोने से पूर्व लकड़ी के चूल्हे की आग को पूर्ण रूप से बुझा लें। जब भी खाना बनाने के लिए एलपीजी का इस्तेमाल किया जा रहा हो तो खाना बनाने के तुरन्त बाद एलपीजी चूल्हों को नॉब से बन्द करें। इसके उपरान्त गैस को रेगुलेटर से बन्द करना चाहिए।
गैस लगने के कारण जान जा सकती है। इसलिए कोयले की अंगीठी का इस्तेमाल जिस कमरे में किया जा रहा हो उस कमरे के दरवाजे व खिड़कियां पूरी तरह से बन्द नहीं करने चाहिए। मकान के अन्दर लकड़ी व ज्वलनशील पदार्थों का जरूरत से ज्यादा भण्डारण न करे। बीडीओ ने कहा कि सावधानी बरतने से ही आग की घटनाओं को रोका जा सकता है।