सावधान / 21 दिसंबर से बजोली-होली-लाहल ट्रांसमिशन लाइन में शुरू होगा उच्च क्षमता का विद्युत प्रवाह
Himachalnow / चंबा
220 केवी डबल सर्किट ट्रांसमिशन लाइन बजोली-होली-लाहल की लीलो लाइन पर 21 दिसंबर से उच्च क्षमता का विद्युत प्रवाह शुरू होगा। एचपीपीटीसीएल के वरिष्ठ परियोजना प्रबंधक इं. राज सिंह ने बताया कि इस ट्रांसमिशन लाइन का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।
यह 0.746 किलोमीटर लंबी हाई वोल्टेज लाइन, जो डल्ली गांव के भद्रोली के समीप से होकर गुजरती है, 220/66 केवी के जीआईएस उपकेंद्र हीलिंग-डल्ली तक पहुंचेगी। सुबह 11 बजे से इस लाइन के माध्यम से 220 केवी की उच्च क्षमता का विद्युत प्रवाह शुरू किया जाएगा।
सावधानी की अपील:
जनसाधारण से आग्रह किया गया है कि इस ट्रांसमिशन लाइन और इसके टावरों के आसपास न जाएं और इन्हें छूने की कोशिश न करें। इसके अलावा, पालतू जानवरों को भी इस क्षेत्र से दूर रखने का अनुरोध किया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
यह परियोजना क्षेत्र के ऊर्जा वितरण नेटवर्क को मजबूत करने और विकास में अहम भूमिका निभाने के उद्देश्य से तैयार की गई है। इससे न केवल स्थानीय जनता को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलेगी, बल्कि ऊर्जा क्षेत्र में प्रदेश के विकास को भी नई दिशा मिलेगी।