लेटेस्ट हिमाचल प्रदेश न्यूज़ हेडलाइंस

सिरमौर की पंचायतों में चुनावी बिगुल, 3.71 लाख मतदाता चुनेंगे जनप्रतिनिधि

Shailesh Saini | 22 फ़रवरी 2026 at 4:28 pm

Share On WhatsApp Share On Facebook Share On Twitter

दो नई पंचायतों के गठन और नए विकास खंडों से बदलेगा ग्रामीण सियासी समीकरण

नाहन

मई माह में प्रस्तावित पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर जिला सिरमौर में तैयारियाँ तेज हो गई हैं। इस बार जिले की 261 पंचायतों में कुल 3,71,755 मतदाता अपने जनप्रतिनिधियों का चयन करेंगे। पहले पंचायतों की संख्या 259 थी, लेकिन प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तावित दो नई पंचायतों के गठन के बाद यह संख्या बढ़ गई है।

हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group

नई पंचायतों में शिलाई विधानसभा क्षेत्र की बालीकोटि पंचायत से अलग होकर चामरा मोहराड़ तथा पांवटा साहिब क्षेत्र की सैनवाला मुबारकपुर पंचायत से अलग होकर टोक्यो पंचायत बनाई जा रही है।

नई इकाइयों के गठन से स्थानीय प्रशासनिक सुविधा के साथ-साथ ग्रामीण राजनीतिक समीकरणों में भी बदलाव की संभावना है।
पिछले पंचायत चुनावों के बाद जिले के प्रशासनिक ढांचे में भी विस्तार हुआ है। वर्ष 2021 के बाद दो नए विकास खंड कार्यालय स्थापित किए गए — शिलाई विधानसभा क्षेत्र के कमराऊ में तिलोरधार तथा श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के ददाहू में। इसके साथ ही अब जिला सिरमौर में विकास खंडों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है।

विकास खंडवार पंचायतों के वितरण में पांवटा साहिब सबसे बड़ा खंड बनकर उभरा है, जहाँ 49 पंचायतें शामिल हैं। शिलाई में 36 पंचायतें, पच्छाद में 34, राजगढ़ में 33, संगड़ाह क्षेत्र में 37, ददाहू में 25, नाहन में 24 तथा तिलोरधार में 23 पंचायतें शामिल हैं।


मतदाता आंकड़ों पर नजर डालें तो पांवटा साहिब विकास खंड में सर्वाधिक 97,166 मतदाता पंजीकृत हैं। इसके बाद शिलाई में 48,676, संगड़ाह में 44,895, नाहन में 44,347, पच्छाद में 40,346, राजगढ़ में 35,495, ददाहू में 30,631 तथा तिलोरधार में 30,189 मतदाता दर्ज किए गए हैं।

प्रशासन के अनुसार 31 जनवरी 2026 तक नए मतदाताओं के नाम जोड़े जाने से संख्या में और वृद्धि संभव है।

जिला पंचायत अधिकारी विक्रम ठाकुर तथा उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने बताया कि प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप चुनावी तैयारियाँ प्रारंभ कर दी गई हैं। नई पंचायतों के गठन को लेकर सुझाव और आपत्तियाँ आमंत्रित की गई हैं, जिसके बाद अंतिम अधिसूचना जारी होगी।

जिले में पंचायतों की संख्या बढ़ने, नए विकास खंड बनने और मतदाता आधार के विस्तार के कारण इस बार पंचायत चुनावों में मुकाबला और अधिक रोचक होने की संभावना है।

हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें

ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!

Join WhatsApp Group

आपकी राय, हमारी शक्ति!
इस खबर पर आपकी प्रतिक्रिया साझा करें


[web_stories title="false" view="grid", circle_size="20", number_of_stories= "7"]