Loading...

सिरमौर के धारटीधार क्षेत्र पंजाहल में भाजपा ने चलाया हस्ताक्षर अभियान

Ankita 4 Mar 2023 Edited 4 Mar 1 min read

संस्थान डिनोटिफाई करने पर कांग्रेस सरकार पर बरसे डॉ. राजीव बिंदल

HNN/ नाहन

जिला सिरमौर के धारटीधार क्षेत्र पंजाहल गांव में भाजपा द्वारा हस्ताक्षर अभियान किया गया। बता दें पंजाहल गांव में पूर्व भाजपा सरकार द्वारा डाॅ. राजीव बिन्दल के भरपूर प्रयासों से नई पी.एच.सी. खोली गई थी। वर्तमान विधायक अजय सोलंकी के निर्देश पर कांग्रेस सरकार ने इसे बंद कर दिया। इस पी.एच.सी. को बंद करने के विरोध में व नाहन विधानसभा क्षेत्र के 13 संस्थानों को बंद करने के विरोध में हस्ताक्षर अभियान किया गया।

इस मौके पर विशेष रूप से मौजूद पूर्व विधायक डाॅ. राजीव बिन्दल, जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता, मंडल अध्यक्ष प्रताप ठाकुर, पंचायत प्रधान, आस-पास की पंचायतों के चुने हुए प्रतिनिधि व धारटी के नेता मौजूद थे। इस मौके पर स्थानीय नेताओं ने पी.एच.सी. को बंद करने का भरपूर विरोध किया। उन्होंने कहा कि धारटी क्षेत्र के इस अस्पताल को बंद करना धारटी की जनता के साथ वर्तमान विधायक अजय सोलंकी द्वारा धोखा किया गया है।

इस मौके पर डाॅ. बिंदल ने कहा कि धारटी क्षेत्र के विकास का उन्होनें बीडा उठाया था, धारटी के गांवों को छोटी-बड़ी सडकों से जोडा, धारटी के घरों में गिरि का पानी पहुंचाया और 24 करोड़ रुपए से पुनः गिरि का पानी 8 इंच मोटी पाईप लाईन से दोबारा धारटी में पहुंचाया जा रहा है। धारटी के अनेक स्कूलों के बड़े-बड़े भवन बनाए व स्वीकृत कराए, पी.एच.सी. बनेठी की भव्य बिल्डिंग बनाई, जमटा पी.एच.सी. का 1 करोड़ रुपए का भवन बन रहा है। मंड़लाह हैल्थ सब सेंटर का भवन बनाया।

पी.एच.सी. पंजाहल का भवन बनाया और बहुत ही मेहनत से इस पी.एच.सी. को चलाया इसमें डॉक्टर व अन्य स्टाफ बैठाया। डाॅ. बिंदल ने कहा कि वर्तमान विधायक को चाहिए था कि हमने पी.एच.सी. बनाई वे इसका 100 बैड का अस्पताल बनाते उन्होनें तो इसे बन्द ही करवा दिया। डाॅ. बिंदल ने कहा कि समझ नहीं आया कि उन्हें इस पी.एच.सी. के खुलने से क्या दिक्कत थी, डाक्टर आ रहा था इलाज कर रहा था, उससे क्या दिक्कत थी, भवन बना हुआ था शानदार था क्या दिक्कत थी।

डाॅ. बिन्दल ने कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र के 13 संस्थान बंद किए गए है। नाहन की जनता द्वारा चुने हुए विधायक ने उन्हें बंद करवा दिया है। यह मतदाताओं के साथ अन्याय है। इस मौके पर विनय गुप्ता ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार धोखा देकर बनी है। कांग्रेस ने जनता को भरमाया कि उन्हें 1500 रुपए हर महिला को पहली कैबिनेट से मिलेगा।

1 लाख सरकारी रोजगार पहली कैबिनेट में व 1 लाख सरकारी रोजगार हर साल मिलेगा। किसान से 100 रुपए किलो दूध व 2 रुपए किलो गोबर कांग्रेस सरकार बनते ही लेना शुरू कर देंगे और अब अपने वायदों से मुकर गए है। महिलाएं ठगा सा महसूस कर रही हैं।