Loading...

सिरमौर जिला के पांवटा साहिब आप प्रत्याशी पर 19 मामले हैं लंबित

PRIYANKA THAKUR • 28 Oct 2022 • 1 Min Read

मनीष ठाकुर बोले- कोई गंभीर आपराधिक केस नहीं, जनता के लिए आवाज उठाने पर दर्ज हुए केस

HNN / पांवटा साहिब

प्रदेशभर में विधानसभा चुनाव के लिए 25 अक्तूबर को नामांंकन प्रक्रिया पूरी हो गई। जिला सिरमौर में पांवटा साहिब में पांच राजनीतिक दलों व छह निर्दलीय प्रत्याशियों को मिलाकर कुल 11 प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतरे हैं। इनमें एक प्रत्याशी ऐसा भी है जिनके खिलाफ 19 मामले अदालत में लंबित है, जो संभवतया प्रदेशभर में चुनाव लडऩे वाले सभी प्रत्याशियों में सर्वाधिक मामले हो सकते है।

आम आदमी पार्टी प्रत्याशी ने इन मामलों का जिक्र निर्वाचन विभाग को दिए शपथ पत्र में भी किया है। बता दें कि आम आदमी पार्टी में शामिल होने वाले मनीष ठाकुर इससे पहले युवा कांग्रेस हिमाचल के प्रदेशाध्यक्ष व राष्ट्रीय महासचिव पद पर रह चुके है। इस दौरान राज्य सरकार की नीतियों व जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर धरना प्रदर्शन करने में वह आगे रहे। पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी प्रत्याशी मनीष ठाकुर के खिलाफ प्रदेश के अलग-अलग थानों में मामले दर्ज है।

इसमें शिमला सदर, छोटा-शिमला, शिमला बालूगंज, जुब्बल, रोहड़ू , चौपाल, राजगढ़, सोलन, बिलासपुर व पांवटा साहिब थाना समेत करीब 19 मामले दर्ज है। आम आदमी पार्टी से पांवटा विस क्षेत्र प्रत्याशी मनीष ठाकुर ने कहा कि इन सभी मुकदमों की पूरी जानकारी वह नामांकन पत्र में दिए शपथ पत्र में कर चुके हैं।

उधर, आम आदमी पार्टी के उपाध्यक्ष एवं पांवटा साहिब से प्रत्याशी मनीष ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की जनता के मुद्दों को उठाते हुए भिन्न-भिन्न जिलों में धरने प्रदर्शनों के दौरान ये मामले दर्ज हुए हैं, जो अभी लंबित है। मेरे विरुद्ध कोई गंभीर आपराधिक या कोई आपराधिक मामला लंबित नहीं है।