Loading...

अमित शाह से मिले बिंदल, 2027 से पहले मुलाकात के सियासी मायने

Shailesh Saini • 50 Mins Ago • 1 Min Read

नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री से मुलाकात, विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर हुई चर्चा

हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन/ नई दिल्ली

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।

बिंदल और अमित शाह की यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां धीरे-धीरे तेज हो रही हैं।सिरमौर से ताल्लुक रखने वाले डॉ. राजीव बिंदल वर्तमान में हिमाचल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हैं।

प्रदेश में भाजपा विपक्ष की भूमिका में है और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने की कवायद लगातार जारी है। ऐसे में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की केंद्रीय नेतृत्व के प्रमुख नेता अमित शाह से हुई मुलाकात को संगठन और प्रदेश की राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

हालांकि मुलाकात में किन मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई, इसका पूरा विवरण सामने नहीं आया है। भाजपा की ओर से जारी जानकारी के अनुसार विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।मुलाकात के बाद डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि अमित शाह का मार्गदर्शन और स्नेह हमेशा प्रेरणादायी रहा है।

उन्होंने कहा कि यह मुलाकात ऊर्जा, मार्गदर्शन और नई प्रेरणा देने वाली रही।2027 के विधानसभा चुनाव से पहले हिमाचल भाजपा के लिए संगठन को मजबूत करना और जमीनी स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को गति देना महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष बिंदल की केंद्रीय नेतृत्व के साथ मुलाकात को आने वाले समय में पार्टी की गतिविधियों के संदर्भ में अहम माना जा रहा है।