Loading...

सिरमौर में डेंगू का कहर, दो माह के भीतर 396 पहुंचा आंकड़ा

Ankita • 29 Jul 2024 • 1 Min Read

स्क्रब टायफस के भी मिले 26 मामले, विभाग ने जारी की एडवायजरी

HNN/ नाहन

जिला सिरमौर में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। दो माह के भीतर जिले में डेंगू के पीड़ित मरीजों का आंकड़ा 396 पहुंच गया है। इसके साथ साथ सिरमौर के ऊपरी क्षेत्रों से स्क्रब टायफस के मामले भी सामने आ रहे हैं। अब तक 26 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। जिले में डेंगू और स्क्रब टायफस के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सिरमौर में एडवायजरी भी जारी की है।

बता दें कि जिला मुख्यालय नाहन के साथ साथ अब मैदानी और अन्य इलाकों से डेंगू के मामले बढ़ने लगे हैं। डेंगू के पीड़ित कई लोग उपचार के लिए निजी और सरकार अस्पतालों का रुख कर रहे हैं। नाहन के अमरपुर मोहल्ला से पहले पहल सबसे ज्यादा मामले डेंगू के मिल रहे थे। अब कालाअंब, पांवटा साहिब और ददाहू समेत अन्य इलाकों में भी इसका कहर बढ़ने लगा है।

हैरानी इस बात की है कि जिला प्रशासन की ओर से फॉगिंग के आदेश दिए जा चुके हैं। बावजूद इसके फॉगिंग का कार्य सुस्त रफ्तार से चल रहा है। जबकि कालाअंब जैसे कई हिस्से ऐसे हैं, जहां फॉगिंग शुरू तक नहीं की गई है। यही नहीं दीवारों पर चेतावनी के साथ साथ सुरक्षा उपाय भी चस्पा नहीं किए गए हैं। डेंगू के साथ अब ऊपरी इलाकों से स्क्रब टायफस के मामलों ने भी विभाग की चिंता बढ़ा दी है।

उधर, सीएमओ सिरमौर डा. अजय पाठक ने बताया कि प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला के समस्त स्थानों के लिए एडवायजरी जारी की जा चुकी है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि डेंगू को लेकर लोग सावधानी बरतें। घर से बाहर निकलते वक्त पूरे कपड़े पहनें।

चप्पल की जगह जुराब व जूते को पहनें। अपने आसपास पानी खड़ा न रहने दें। साथ ही साफ सफाई का ध्यान रखें। वहीं स्क्रब टायफस से निपटने के लिए भी उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के लोगों से खेतों में काम करते वक्त पूरे कपड़े पहनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जमीन पर न सोएं।