सिरमौर में परिषद वार्डों का परिसीमन फाइनल, नई ग्राम सभाओं से बदला नक्शा

By Shailesh Saini Published: 3 Mar 2026, 6:32 PM | Updated: 3 Mar 2026, 6:32 PM 1 min read

कालाअंब से मोगीनंद-नगल सुकेती, नाहन से नाहन-द्वितीय, राजगढ़-संगड़ाह में भी नई ग्राम सभाएं

नाहन
जिला सिरमौर में जिला परिषद के वार्डों के परिसीमन की अंतिम अधिसूचना जारी कर दी गई है। उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने अधिसूचना जारी करते हुए बताया कि परिसीमन प्रक्रिया पूर्ण कर वार्डों को अंतिम रूप दे दिया गया है।

उन्होंने बताया कि अधिसूचना जनसाधारण के अवलोकन हेतु जिला परिषद कार्यालय, संबंधित पंचायत समिति कार्यालयों तथा जिला की सभी ग्राम पंचायतों में उपलब्ध रहेगी।

प्रदेश सरकार द्वारा ग्राम सभा क्षेत्रों के विभाजन और पुनर्गठन की अधिसूचना भी जारी की गई है। विकास खंड राजगढ़ की ग्राम सभा कोटला बांगी और डिब्बर से नई ग्राम सभा कडौली दोची का गठन किया गया है।

विकास खंड संगड़ाह की ग्राम सभा सांगना से नई ग्राम सभा गाताधार स्थित मंडवाच तथा ग्राम सभा भवाई से नई ग्राम सभा कुफर-कैंथू बनाई गई है।

विकास खंड ददाहू की ग्राम सभा भाटगढ़ से नई ग्राम सभा चाड़ना स्थापित की गई है। विकास खंड नाहन की ग्राम सभा कालाअंब से दो नई ग्राम सभाएं मोगीनंद और नगल सुकेती अस्तित्व में आई हैं।

ग्राम सभा मात्तर से नई ग्राम सभा नलका तथा ग्राम सभा नाहन से नई ग्राम सभा नाहन-द्वितीय (मुख्यावास खजूरना) का गठन किया गया है।

विकास खंड शिलाई की ग्राम सभा बान्दली से नई ग्राम सभा सियासू की स्थापना भी प्रस्तावित है।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि नई ग्राम सभाओं के गठन के चलते जिला परिषद के निर्वाचन क्षेत्रों और वार्डों के नामों तथा संबंधित ग्राम सभाओं की संख्या में आंशिक संशोधन संभव है। परिसीमन की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की गई है।

Tags: