Loading...

सिरमौर में पेश आया दर्दनाक हादसा, दो की मौत, दो घायल

PRIYANKA THAKUR • 15 Jan 2023 • 1 Min Read

HNN / राजगढ़

जिला सिरमौर में पेश आये एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है जबकि अन्य दो गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतकों की पहचान भूपेंद्र ठाकुर (27) पुत्र तारा सिंह, आदर्श ठाकुर पुत्र मोहर सिंह ग्राम क्लयोपाब डाकघर कोटला बांगी तहसील राजगढ़ के रूप में हुई है। जबकि सुरेश कुमार पुत्र रोशन लाल और जितेंद्र ठाकुर पुत्र तारा सिंह ग्राम क्लयोपाब घायल हुए है।

जानकारी के अनुसार हादसा सोलन-नेरीपुल मार्ग पर शिलाबाग के समीप पेश आया। यहाँ पिकअप (एचपी 16-0228) परवाणू से क्लयोपाब आ रही थी, इसमें घर का सामान, सीमेंट व चादरें लदी हुईं थीं। गाड़ी में चार व्यक्ति सवार थे। जैसे ही गाड़ी शिलाबाग के पास पहुंची करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी।

आसपास के लोगों को जैसे ही गाड़ी के खाई में गिरने की सूचना मिली, उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर पुलिस को इसकी सूचना दी और गाड़ी सवार सभी को खाई से बाहर निकाला। इस दौरान दो लोगों ने मौके पर दम तोड़ दिया, जबकि अन्य दो को उपचार के लिए सोलन ले जाया गया है।

उधर, डीएसपी अरुण मोदी ने बताया कि स्थानीय अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिए है। एसडीएम यादविंद्रपाल ने प्रशासन की तरफ से मृतकों के परिजनों को 20-20 हजार रुपये की फौरी सहायता प्रदान की है।