Loading...

सिरमौर में बारिश का कहर जारी, नैहली के पास नाहन-ददाहू मार्ग पूरी तरह बंद

Shailesh Saini • 1 Hour Ago • 1 Min Read

ददाहू जाना है तो इन वैकल्पिक रास्तों से करें सफर, 14 सड़कें और 35 जल योजनाएं भी प्रभावित

हिमाचल नाऊ न्यूज़ | नाहन

जिला सिरमौर में लगातार हो रही बारिश के चलते जगह-जगह भूस्खलन का सिलसिला जारी है। बारिश और लैंडस्लाइड से सड़क मार्ग प्रभावित हो रहे हैं और लोगों को आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इसी बीच नाहन-ददाहू सड़क मार्ग नैहली के पास पूरी तरह बंद हो गया है, जिसके आज शाम तक बहाल होने की संभावना जताई गई है।उपमंडलाधिकारी नागरिक नाहन ने लोगों से अपील की है कि नाहन से ददाहू जाने वाले लोग जमटा से बिरला होते हुए अथवा शिलनू-कैलाश मार्ग का उपयोग करें।

इसी तरह ददाहू से नाहन आने वाले यात्रियों को भी इन्हीं वैकल्पिक मार्गों से सफर करने की सलाह दी गई है।उधर, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सिरमौर द्वारा जारी दैनिक आपदा रिपोर्ट के अनुसार बारिश के कारण जिले में 14 सड़कें बंद अथवा प्रभावित हैं।

इनमें नाहन मंडल की 10 और पांवटा साहिब मंडल की 4 सड़कें शामिल हैं। लगातार बारिश से लोक निर्माण विभाग को करीब 3 करोड़ 16 लाख 50 हजार रुपये का नुकसान आंका गया है।वहीं जल शक्ति विभाग की 35 पेयजल एवं सिंचाई योजनाएं प्रभावित हुई हैं।

इनमें नौहराधार क्षेत्र की 24 और नाहन क्षेत्र की 11 योजनाएं शामिल हैं। जल शक्ति विभाग को करीब 2 करोड़ 22 लाख 50 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान है।इस तरह लगातार बारिश से लोक निर्माण विभाग और जल शक्ति विभाग को मिलाकर सरकारी बुनियादी ढांचे को करीब 5 करोड़ 39 लाख रुपये का नुकसान हो चुका है।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की है।

Related Topics: