हिमाचल भाजपा में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, 66 विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारी नियुक्त
डॉ. राजीव बिंदल ने जारी की सूची, नाहन में सुरेंद्र हिंदुस्तानी, श्री रेणुकाजी में रेशमा शर्मा और पच्छाद में रणवीर सिंह को सौंपी कमान
हिमाचल नाऊ न्यूज़ | शिमला
हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को गति देने के लिए बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश के सभी 66 विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है। शुक्रवार को पार्टी प्रदेश कार्यालय की ओर से जारी सूची में कई अनुभवी नेताओं और संगठन से जुड़े सक्रिय चेहरों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
भाजपा के इस कदम को विधानसभा स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी लाने और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। नवनियुक्त प्रभारियों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में संगठन के कार्यों, गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों के संचालन और स्थानीय पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिला सिरमौर की पांचों विधानसभा सीटों पर भी नए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। पच्छाद विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी रणवीर सिंह, नाहन की सुरेंद्र हिंदुस्तानी, श्री रेणुकाजी की रेशमा शर्मा, पांवटा साहिब की रामेश्वर शर्मा और शिलाई विधानसभा क्षेत्र की कमान पवन चौधरी को सौंपी गई है।
सिरमौर में इन नियुक्तियों को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जिले की पांच विधानसभा सीटों में से नाहन, श्री रेणुकाजी और शिलाई पर कांग्रेस का कब्जा है, जबकि पच्छाद और पांवटा साहिब में भाजपा के विधायक हैं। ऐसे में नए प्रभारियों के सामने संगठनात्मक गतिविधियों को सक्रिय रखने और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय मजबूत करने की जिम्मेदारी रहेगी।
प्रदेश के अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी पार्टी ने नए प्रभारियों की नियुक्तियां की हैं। चंबा जिले के चुराह में दिनेश शर्मा, भरमौर में चंद्र लाल ठाकुर, चंबा में दिव्य वसु, डलहौजी में विनोद ठाकुर और भटियात में सुभाष आचार्य को प्रभारी बनाया गया है।
कांगड़ा जिले के जयसिंहपुर में अरविंद शर्मा, सुलह में अभिमन्यु भट्ट, बैजनाथ में नवीन कटोच, पालमपुर में संजीव ठाकुर, नगरोटा में विशाल नेहरिया, शाहपुर में संजय शर्मा और धर्मशाला में देवेंद्र कोहली को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कुल्लू जिले के कुल्लू विधानसभा क्षेत्र में अखिलेश कपूर, मनाली में राहुल सोनी, बंजार में जोगिंद्र शुक्ला और आनी में हेतराम ठाकुर को प्रभारी नियुक्त किया गया है। सुंदरनगर में सोहन सिंह ठाकुर, नाचन में चेत राम, धर्मपुर में प्रताप ठाकुर और सरकाघाट में प्रताप सिंह को जिम्मेदारी मिली है।
मंडी जिले के सिराज में मनीष कपूर, द्रंग में कमल राणा, जोगिंद्रनगर में संजय ठाकुर, मंडी में पाल वर्मा और बल्ह में रणवीर सिंह को जिम्मेदारी दी गई है।
हमीरपुर जिले के भोरंज में सुशील ठाकुर, हमीरपुर में पवन शर्मा, सुजानपुर में अनिल ठाकुर, नादौन में अजय शर्मा और बड़सर में हुकम सिंह बंस को प्रभारी बनाया गया है।
ऊना जिले के चिंतपूर्णी में सुशील कालिया, गगरेट में धर्मेंद्र राणा, ऊना में विश्वजीत पटियाल, कुटलैहड़ में शंभू गोस्वामी और हरोली में मनोहर कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बिलासपुर जिले के झंडूता में स्वतंत्र सांख्यान, घुमारवीं में बाल कृष्ण ठाकुर, बिलासपुर में नवीन शर्मा और श्री नैना देवी में राकेश गौतम को प्रभारी नियुक्त किया गया है।
सोलन जिले के अर्की में रविंद्र परिहार, नालागढ़ में नरेंद्र ठाकुर, दून में सुरेंद्र ठाकुर, सोलन में ओपी गांधी और कसौली में संजीव टिक्का को जिम्मेदारी दी गई है।
शिमला जिले के कुसुम्पटी में सतप्रकाश मानक, शिमला में प्यार सिंह कंवर, शिमला ग्रामीण में नरेश चौहान, चौपाल में बलदेव राणा, ठियोग में राजेश भाटिया, जुब्बल-कोटखाई में विजय गुप्ता, रोहड़ू में हरिंद्र डोगरा और रामपुर में उमेश शर्मा को प्रभारी नियुक्त किया गया है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय के अनुसार सभी नवनियुक्त प्रभारी अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी संगठन को सक्रिय करने, संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने और आगामी कार्यक्रमों के बेहतर क्रियान्वयन के लिए स्थानीय नेतृत्व के साथ समन्वय स्थापित करेंगे।
राजनीतिक दृष्टि से इन नियुक्तियों को भाजपा की संगठनात्मक तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। प्रदेश नेतृत्व ने विधानसभा स्तर पर जिम्मेदारियां तय करके संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।

