ददाहू पुल इसी सरकार में होगा पूरा, सिरमौर को मिलेंगी नई बसें : अग्निहोत्री
रेणुका मेले के मंच से विकास की बड़ी घोषणाएं, अजय सोलंकी सहित सिरमौर के राजनीतिक नेतृत्व की सराहना
हिमाचल नाऊ न्यूज श्री रेणुका जी
अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सिरमौर जिले के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से निर्माण पूरा होने का इंतजार कर रहे ददाहू पुल का कार्य इसी सरकार के कार्यकाल में पूरा किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक अतिरिक्त बजट उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने सिरमौर को जल्द नई डीजल बसें देने और इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाने का भी भरोसा दिलाया।
सांस्कृतिक संध्या का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ करने के बाद उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ददाहू पुल हिमाचल निर्माता डॉ. वाईएस परमार की ऐतिहासिक विरासत से जुड़ा है। उन्होंने पुल पर लगी डॉ. परमार के नाम की पट्टिका को संरक्षित करने के निर्देश भी दिए।
वहीं उप मुख्यमंत्री ने सिरमौर के राजनीतिक नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि जिले को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और नाहन के विधायक अजय सोलंकी के रूप में मजबूत नेतृत्व मिला है। उन्होंने लोगों से अपने नेताओं को संभालकर रखने का आह्वान करते हुए इन्हें जिले की बड़ी राजनीतिक पूंजी बताया। प्रदेश की सत्ता और संगठन में सिरमौर के नेताओं की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए उप मुख्यमंत्री के इस बयान को राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सिरमौर को अब तक 15 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध करवाई गई हैं। नई बसों की खेप आने पर नाहन और पांवटा साहिब सहित अन्य क्षेत्रों में इनकी संख्या बढ़ाई जाएगी। वहीं रेणुका क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए नई डीजल बसें उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि रेणुका बांध परियोजना का कार्य भी आगे बढ़ रहा है और क्षेत्र में टनल का निर्माण दिखाई देने लगा है।
इस मौके पर नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के नेतृत्व में क्षेत्र की विकास योजनाओं को आगे बढ़ाए जाने की सराहना की। उन्होंने नाहन विधानसभा क्षेत्र में पेयजल, सिंचाई और परिवहन सुविधाओं को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया तथा क्षेत्र की प्रमुख मांगों को सरकार के समक्ष रखा।
उप मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई विकास संबंधी मांगों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने पुरानी पेंशन योजना और मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार अपने वादों को पूरा करने तथा जरूरतमंद वर्गों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।इस अवसर पर उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए मेले की गतिविधियों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

