सिरमौर में व्यावसायिक प्रशिक्षकों की ट्रेनिंग शुरू, 233 प्रशिक्षकों को मिलेगा लाभ
रिटेल और बीएफएसआई सेक्टर पर फोकस, तीन चरणों में चलेगा कार्यक्रम
हिमाचल नाऊ न्यूज़, नाहन
जिला सिरमौर में व्यावसायिक शिक्षा को मजबूत करने के लिए 5 दिवसीय सेवाकालीन प्रशिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है। यह प्रशिक्षण डाइट सिरमौर में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रदेशभर के प्रशिक्षक भाग ले रहे हैं।यह कार्यक्रम 20 मार्च से 30 मार्च तक तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा।
पहले चरण में सिरमौर, शिमला, कुल्लू और किन्नौर जिलों के प्रशिक्षक हिस्सा ले रहे हैं।दूसरे चरण में कांगड़ा, हमीरपुर, बिलासपुर और चंबा जिलों के प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि तीसरे चरण में मंडी, सोलन और ऊना जिलों के प्रशिक्षक शामिल होंगे।
समग्र शिक्षा के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में रिटेल और बीएफएसआई सेक्टर के प्रशिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। विशेषज्ञ प्रशिक्षकों को नई तकनीकों, नवाचारों और आधुनिक शिक्षण तरीकों की जानकारी दे रहे हैं।
प्रशिक्षण का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत कौशल आधारित शिक्षा को बढ़ावा देना है, ताकि छात्र पढ़ाई के साथ-साथ रोजगारोन्मुख कौशल भी हासिल कर सकें।प्रशासन का कहना है कि इस प्रशिक्षण से विद्यालय स्तर पर व्यावसायिक शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा और छात्रों को भविष्य में बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।