सीएम सुक्खू ने पालमपुर में चंदपुर-सिंबलू सम्पर्क सड़क के उन्नयन कार्य का किया शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने सीआईएसआर-आईएचबीटी पालमपुर स्थित ट्यूलिप गार्डन का भी किया दौरा
HNN/ कांगड़ा
प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिला के पालमपुर उपमंडल के तहत भरमात में 7.28 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाली 9.30 किलोमीटर लम्बी कुलानी-चंदपुर-भरमात-सिंबलू पट्टी सड़क के उन्नयन कार्य का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस परियोजना को 18 माह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर पालमपुर में मीडिया के प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गग्गल हवाई अड्डे के विस्तार से क्षेत्र के लोगों को लाभ होगा और आने वाले समय में स्थानीय स्तर पर लोगों को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटकों को भी काफी सुविधा उपलब्ध होगी।
सरकार कांगड़ा जिले को राज्य की ‘पर्यटन राजधानी’ बनाने की दिशा में काम कर रही है। इसके लिए एक कार्य योजना तैयार की जा रही है। क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए यहां बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष बल दिया जा रहा है।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने संस्थानों की डी-नोटिफिकेशन के संबंध में एक सवाल के जवाब में कहा कि राज्य सरकार आवश्यकतानुसार संस्थान खोलेगी। उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल के अंतिम छह माह में सिर्फ चुनावों के मद्देनज़र 900 से अधिक संस्थान खोाले और स्तरोन्नत किए। इस निर्णय से राज्य के खजाने पर 5000 करोड़ रुपए का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ रहा था।
इसके अतिरिक्त वर्तमान प्रदेश सरकार को 75 हजार करोड़ रुपये का ऋण विरासत में मिला है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सीआईएसआर-आईएचबीटी पालमपुर स्थित ट्यूलिप गार्डन का भी दौरा किया और इसमें विशेष रुचि दिखाई। इससे पहले पालमपुर पहुंचने पर लोगों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।