Loading...

सीताराम येचुरी को सीपीआईएम ने दी श्रद्धांजलि

NEHA • 14 Sep 2024 • 1 Min Read

HNN/मंडी

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की मंडी जिला कमेटी ने शुक्रवार को पार्टी के महासचिव कॉमरेड सीताराम येचुरी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सीताराम येचुरी का 12 सितंबर को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान नई दिल्ली में फेफड़ों के गंभीर संक्रमण के कारण निधन हो गया। उनकी उम्र 72 वर्ष थी।

राज्य सचिवालय सदस्य और जिला कमेटी के सचिव कुशाल भारद्वाज ने कहा कि सीताराम येचुरी ने पार्टी और संगठन को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे 1975 में सीपीआई (एम) में शामिल हुए और आपातकाल के दौरान अपनी राजनीतिक गतिविधियों के लिए गिरफ्तार हुए। 1985 में पार्टी की 12वीं कांग्रेस में उन्हें केंद्रीय समिति के लिए चुना गया और वे तब से केंद्रीय समिति का हिस्सा रहे।

भारद्वाज ने बताया कि येचुरी ने केंद्रीय समिति के अंतरराष्ट्रीय विभाग के प्रमुख के रूप में कम्युनिस्ट और प्रगतिशील ताकतों के विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंचों में भाग लिया, समाजवादी देशों के साथ संबंधों को मजबूत किया और साम्राज्यवाद-विरोधी आंदोलनों के साथ एकजुटता कायम की। उन्होंने 1989 में केंद्रीय सचिवालय और 1992 में पार्टी की 14वीं कांग्रेस में पोलित ब्यूरो के लिए चुना गया।