सीवरेज ने रोकी बगीची वाली गली, फिसलन से बढ़ा हादसों का खतरा
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन
नगर परिषद नाहन के वार्ड नंबर दो में बगीची वाली गली की बदहाल स्थिति ने स्थानीय लोगों के सब्र का बांध तोड़ दिया है। शिमला रोड से नाहन शहर की ओर आने-जाने वाली यह गली शहर के महत्वपूर्ण शॉर्टकट मार्गों में शामिल है, लेकिन पिछले करीब दो से ढाई महीने से सड़क पर लगातार बह रही सीवरेज ने लोगों की आवाजाही मुश्किल कर दी है।

सड़क पर फैली गंदगी और पानी के कारण मार्ग बेहद फिसलन भरा हो गया है, जिससे यहां कभी भी बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ है।स्थानीय लोगों के अनुसार घरों से निकलने वाला सीवरेज लगातार सड़क पर बह रहा है।

खड़ी चढ़ाई वाले इस मार्ग पर सीवरेज के कारण कीचड़ और फिसलन बढ़ गई है। स्कूल और डिग्री कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों सहित स्थानीय लोगों को मजबूरी में इसी रास्ते से होकर गुजरना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि कई बच्चे फिसलकर सड़क पर गिर चुके हैं और उन्हें चोटें भी आई हैं। मार्ग पर इधर-उधर से निकलने का कोई वैकल्पिक रास्ता नहीं होने के कारण लोगों को जान जोखिम में डालकर इसी सड़क से गुजरना पड़ रहा है।
दुर्गंध से जीना हुआ मुहाल, बीमारी फैलने का डरस्थानीय निवासी कृष्ण चौहान, शकुंतला, राजेश और छात्रा गीतांजलि सहित अन्य लोगों ने बताया कि सड़क पर लंबे समय से सीवरेज की गंदगी फैली होने के कारण पूरे क्षेत्र में भयंकर दुर्गंध का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सीवरेज की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो गंदगी और दूषित वातावरण के कारण क्षेत्र में बीमारी फैलने का खतरा पैदा हो सकता है।
लोगों ने आरोप लगाया कि समस्या को लेकर नगर परिषद को कई बार सूचित किया जा चुका है, बावजूद इसके करीब दो से ढाई महीने बीतने के बाद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। उनका कहना है कि बरसात के दौरान समस्या और भी गंभीर हो गई है तथा सड़क पर फैले सीवरेज के कारण पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है।

बिजली के पोल और टूटी सड़क भी बनी परेशानीस्थानीय लोगों ने केवल सीवरेज ही नहीं, बल्कि वार्ड में गिरने की स्थिति में पहुंच चुके बिजली के पोल और टूटी हुई सड़क की समस्या भी उठाई है।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इन समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया तो सीवरेज के साथ-साथ बिजली के पोल और सड़क की बदहाली भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने नगर परिषद और प्रशासन से मौके का निरीक्षण करवाकर सीवरेज की समस्या का स्थायी समाधान करने के साथ सड़क और बिजली के पोल की भी जल्द मरम्मत करवाने की मांग की है।

पार्षद बोले, समस्या की जानकारी नहीं मिली, जल्द जाएंगे मौके परवार्ड नंबर दो के पार्षद नरेंद्र तोमर ने कहा कि उन्हें स्थानीय लोगों की ओर से अभी तक इस समस्या की जानकारी नहीं दी गई है। उन्होंने माना कि यदि सड़क पर लगातार सीवरेज बह रहा है तो यह गंभीर समस्या है। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेंगे और संबंधित विभाग के माध्यम से समस्या का समाधान करवाने का हरसंभव प्रयास करेंगे।