सुंदरनगर के नलवाड़ मेले में दो दिवसीय खो खो प्रतियोगिता का शुभारंभ
HNN/ मंडी
सुन्दरनगर में 22 से 28 मार्च तक होने वाले राज्य स्तरीय नलवाड़ मेला के दौरान विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं को आयोजन किया जा रहा है जिसमें लोकेश शर्मा, विभागाध्यक्ष एमएलएसएम कॉलेज सुन्दरनगर ने दो दिवसीय खो-खो खेल प्रतियोगिता का विधिवत शुभारम्भ किया। खो-खो प्रतियोगिता का समापन रविवार 24 मार्च को होगा।
यह जानकारी देते हुए मेला की खेल उपसमिति के अध्यक्ष एवं डीएसपी सुन्दरनगर भारत भूषण ने बताया कि खो-खो प्रतियोगिता में पहला मुकाबला सावल और आईटीआई सुन्दरनगर के बीच हुआ जिसमें आईटीआई सुन्दरनगर विजयी रहा।
दूसरा मुकाबला सुन्दरनगर और मण्डी के बीच हुआ जिसमें सुन्दरनगर की टीम विजयी रही। तीसरा मुकाबला चाय का डोहरा और कनैड की टीम के बीच हुआ, इस मुकाबले में कनैड की टीम विजयी रही।
उन्होंने बताया कि विभिन्न खेलकूद प्रतिस्पर्धाओं में सभी प्रतिभागियों ने अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि स्वस्थ शरीर और दिमाग को विकसित करने के लिए खेल महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सभी नागरिकों को जीवन पर्यंत खेलों से जुड़े रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से अनुशासन, संयम तथा धैर्य के भाव का निर्माण होता है इसके साथ ही खिलाडि़यों में टीम वर्क तथा नेतृत्व क्षमता भी विकसित होती है। साथ ही खेलों से ओजस्वी एवं उदात स्वभाव विकसित होता है इसके साथ ही सहजता तथा प्रतिस्पर्धा बढ़ने से लक्ष्य प्राप्त करने की भावना का निर्माण भी होता है।