सुक्खू कैबिनेट में शामिल हो सकता है नया चेहरा, 2 साल के जश्न से पहले मंत्री पद को भरा जा सकता है

By PARUL Published: 5 Nov 2024, 8:18 PM | Updated: 5 Nov 2024, 8:38 PM 1 min read

Himachalnow /शिमला

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के 2 साल के जश्न से पहले मंत्री पद को भरने की चर्चा है। प्रदेश सचिवालय से लेकर ओकओवर तक सोमवार को इस बात की चर्चा रही। मुख्यमंत्री खुद मंत्री पद को भरने के संकेत दे चुके हैं, जिसके लिए हाईकमान की अंतिम अनुमति का इंतजार है।

मंत्री पद की दौड़ में एक नाम मुख्यमंत्री के करीबी सीपीएस संजय अवस्थी का नाम भी सामने आ रहा है। हालांकि सियासी समीकरणों को ध्यान में रखते हुए कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों को अधिमान मिल सकता है। महिला विधायक को मंत्री बनाने पर कमलेश ठाकुर को मिल सकता है स्थान।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हमीरपुर दौरे पर रवाना होने से पहले अपने मंत्रियों के साथ बैठक की, जिसमें उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी मौजूद रहे। बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों को सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के माध्यम से लोगों से संवाद स्थापित करने को कहा है। उन्होंने मंत्रिमंडल सदस्यों के साथ बैठक करके विभागीय कामकाज की समीक्षा करते हुए यह निर्देश दिए।