सुक्खू सरकार प्रदेश की जनता से किए वायदे अभी तक भी नहीं कर पाई पूरे – रावत
HNN/ नाहन
नाहन सिरमौर भाजपा के जिला सह मीडिया प्रभारी प्रताप सिंह रावत ने मीडिया को बयान जारी करते हुए बताया कि प्रदेश के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधानसभा चुनाव से पूर्व प्रदेश की जनता से जो वायदे किए थे उन वायदों को अभी तक भी पूरा नहीं कर पाए हैं। जिससे प्रदेश की जनता अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रही है।
रावत ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू तथा उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदेश की जनता से कहा था कि हम पहली ही कैबिनेट बैठक में ओपीएस बहाल करेंगे और 18 वर्ष से ऊपर की सभी महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपए महिला सम्मान निधि के रूप में देंगे। इतना ही नहीं प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को एक लाख सरकारी नौकरी देंगे और किसानों को 300 यूनिट बिजली भी मुफ्त देंगे।
लेकिन अभी तक इन वायदो में से एक भी वायदा पूरा नहीं हुआ है। रावत ने बताया कि सरकार बनते ही सुखविंदर सिंह सुक्खू ने डीजल पर तीन रुपए का वेट बढ़ाया है और सरकारी डिपो में मिलने वाले सरसों के तेल में भी 9 रुपए बढ़ाए है। उन्होंने कहा कि अभी और भी महंगाई बढ़ने की संभावना है। रावत ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बार-बार कहते हैं कि भाजपा सरकार ने कांग्रेस सरकार पर 75 हजार करोड़ रुपए का कर्जा छोड़ा है जिससे हमें सरकार चलाना मुश्किल हो रहा है।
रावत ने बताया कि अभी भी समय है आप समय रहते हुए मुख्यमंत्री का पद छोड़ दो और प्रदेश की सत्ता फिर से जयराम ठाकुर के हाथ में सौंप दो फिर आपको किसी भी बात का रोना नहीं रोना पड़ेगा। रावत ने बताया कि जब प्रदेश की सत्ता जयराम ठाकुर के हाथ में थी तब तक सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था और प्रदेश की जनता को बहुत सारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा था। क्योंकि प्रदेश की जयराम ठाकुर सरकार केंद्र सरकार के साथ मिलकर बहुत अच्छा काम कर रही थी।