सुक्खू सरकार प्रदेश के राजनीतिक इतिहास की सबसे निकम्मी सरकार : डॉ. राजीव बिंदल
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन
कटासन माता मंडल में सड़कों और मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर रविवार को स्थानीय लोगों ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। माजरा में आयोजित प्रदर्शन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार को हिमाचल के राजनीतिक इतिहास की सबसे निकम्मी सरकार करार दिया।
डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि करीब चार वर्ष के कार्यकाल में कांग्रेस सरकार ने जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय भाई-भतीजावाद और मित्रवाद को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क, बिजली, पानी और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं।
सड़कों की हालत पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि आज यह तय करना मुश्किल है कि “सड़कों में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क।”उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा बनाए जा रहे राष्ट्रीय राजमार्ग और फोरलेन बेहतर स्थिति में हैं, जबकि प्रदेश सरकार के अधीन सड़कों की हालत लगातार बिगड़ रही है। बरसात में लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
बिजली व्यवस्था पर डॉ. बिंदल ने कहा कि “बिजली आती कम है, जाती ज्यादा है और बिल चार गुना आ रहे हैं।” उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों में स्टाफ और सुविधाओं की कमी का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता इलाज के लिए परेशान है, लेकिन सरकार को उसकी कोई चिंता नहीं।
डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने जनहित के संस्थानों पर ताले लगाने और विकास कार्यों को ठप करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कटासन माता मंडल का प्रदर्शन प्रदेशभर में बढ़ रहे जनआक्रोश का प्रतीक है। भाजपा जनता की आवाज बनकर सड़क, बिजली, पानी और स्वास्थ्य के मुद्दों पर सरकार को लगातार घेरती रहेगी।
