Loading...

सुख वाली सरकार हो रही है दुखदार साबित..जनता त्राहिमाम- बिंदल

Ankita • 24 Nov 2023 • 1 Min Read

300 यूनिट बिजली की जगह हर दिन जनता को दे रहे हैं बिजली कटों का तोहफा

HNN/ नाहन

प्रदेश में मौजूदा समय चल रही सरकार की पतली हालत को लेकर एक बार फिर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने आज एक प्रेस बयान जारी करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश की सुख की सरकार लगातार दुखदार साबित हो रही है।

उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार 300 यूनिट बिजली की जगह हर दिन जनता को बिजली कटों का तोहफा दे रही हैं। बिंदल ने कहा कि जिला सिरमौर में एक-एक दिन में 20-40 बार बिजली के कट लगते हैं। वोल्टेज फ्लक्चुएशन के कारण लोगों के विद्युत उपकरण लगातार खराब हो रहे हैं।

बिंदल ने कहा कि पिछले 6 महीनों से निरंतर जनता शिकायतें करती आ रही है परंतु कांग्रेस की वर्तमान सरकार के उपर जनता की आवाज का कोई असर नहीं है। डॉ. बिन्दल ने कहा कि आज प्रातः काल जिला मुख्यालय नाहन की बिजली चली गई और प्रेस नोट लिखने तक सांय 6 बजे तक यह बिजली नहीं आई है।

ध्यान रहे कि यह घोषित कट नहीं है, अघोषित है। उन्होनें कहा कि अभी तो सर्दियां भी नहीं आई है, थोड़ी सी सर्दी बढ़ने पर स्थिति और भी विकट हो जाएगी। सिरमौर जिला हरियाणा राज्य के साथ जुड़ा हुआ है और लोगों ने यह कहना शुरू कर दिया है कि अब हिमाचल से अच्छी बिजली हरियाणा में मिलती है।