Loading...

सुबह-शाम कोहरे से बढ़ा ठंड का प्रकोप, पाइपें जमने से जल संकट गहराया…

SAPNA THAKUR • 24 Dec 2022 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

हिमाचल प्रदेश इन दिनों पूरी तरह से शीतलहर की चपेट में आ गया है। वहीं मौसम विभाग ने कल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का पूर्वानुमान भी लगाया है। ऐसे में बर्फबारी होने से राज्य के लोगों को हाड कंपा देने वाली ठंड का सामना करना पड़ सकता है। वही प्रदेश के मैदानी जिलों में इन दिनों कोहरे ने लोगों को चिंता में डाला हुआ है।

सुबह और शाम के वक्त मैदानी जिलों में घना कोहरा पड़ा हुआ है जिससे विजिबिलिटी भी बेहद कम हो गई है। ऐसे में वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कोहरे के कारण सबसे ज्यादा दिक्कत छोटे-छोटे बच्चों को हो रही है जो घनी धुंध के बीच स्कूल में जाने को मजबूर हैं। मैदानी जिलों में सुबह-शाम कोहरे के कारण ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।

उधर, प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार गिरते तापमान ने लोगों को चिंता में डाला हुआ है। यहां ठंड का प्रकोप इतना है कि लोगों का घरों से बाहर निकलना भी दूभर हो गया है। इतना ही नहीं प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पेयजल लाइनें जाम हो गई है जिससे लोगों के नल में जल नहीं आ रहा है। ऐसे लोगों को पीने के लिए भी पानी नहीं मिल पा रहा है।