सुबह-शाम घना कोहरा पड़ने से लोगों की बढ़ी परेशानियां, गेहूं की पैदावार…
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश के मैदानी जिले इन दिनों घने कोहरे के आगोश में आ गए हैं जिसने लोगों को परेशानियों में डाल दिया है। खास तौर पर घने कोहरे के कारण सबसे अधिक परेशानियां वाहन चालकों को झेलनी पड़ रही है। सुबह और शाम के वक्त मैदानी जिलों में घना कोहरा पड़ा हुआ है जिससे विजिबिलिटी भी बेहद कम हो गई है।
ऐसे में वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं कोहरे के कारण लोग बीमारियों की चपेट में भी आ रहे हैं। कोहरे के कारण सबसे ज्यादा दिक्कत छोटे-छोटे बच्चों को हो रही है जो घनी धुंध के बीच स्कूल में जाने को मजबूर हैं। मैदानी जिलों में सुबह-शाम कोहरे के कारण ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।
बारिश न होने से समूचा प्रदेश शुष्क ठंड की चपेट में आ गया है। हालत यह है कि कोहरा पड़ने और बारिश न होने से फसलों पर भी विपरीत असर पड़ने लगा है। खासतौर पर गेहूं की पैदावार नष्ट हो गई है जिससे किसान खासे चिंतित हैं। अब लोग अपने-अपने ईष्ट देवों के दरबार पहुंचकर बारिश की गुहार लगा रहे हैं।