सुरंग नंबर-2 के बाहर 1 फीट तक धंस गया किरतपुर-मनाली फोरलेन, लोगों की बढ़ी मुश्किलें
HNN/ बिलासपुर
मानसून की पहली बारिश के चलते आई आपदा का असर अभी भी बिलासपुर जिला में देखने को मिल रहा है। जी हां 8 से 11 जुलाई तक चली मूसलाधार बारिश भले ही थम गई हो, मगर किरतपुर-मनाली फोरलेन निर्माण मार्ग पर इसका खासा असर देखने को मिला है, जिसके चलते फोरलेन मार्ग के टनल नम्बर 2 थापना के समीप बने पुल के दोनों छोरों पर मिट्टी धसने से पुल की सुरक्षा दीवार पर दरारें पड़ गई हैं, तो साथ ही सड़क भी बैठ गई है।
हालांकि फोरलेन का यह हिस्सा अभी यातायात के लिए बंद है। वहीं, प्रशासन ने तर्क दिया है कि भारी बारिश से फोरलेन से नुकसान पहुंचा है। जबकि लोग फोरलेन की गुणवत्ता पर सवाल उठा रहे हैं। उपमंडल स्वारघाट के थापना स्थित सुरंग नंबर दो के पोर्टल-एक के सामने पुल बनाया गया है। इस पुल के दोनों छोर पर फोरलेन करीब एक से डेढ़ फीट तक धंस गया है।
वहीं, जहां यह फोरलेन धंसा है, वहां किनारे पर लगाई क्रेट वॉल में दरार भी देखी जा रही है। सुरंग के मुहाने पर भी भारी भूस्खलन भी हुआ है। जबकि इसके आसपास पहाड़ी से भूस्खलन का लगातार खतरा बना हुआ है। इस जगह पर पहाड़ी की 90 डिग्री पर कटिंग की गई है। प्रशासन ने भी भूस्खलन के खतरे का भांपते हुए फोरलेन को जकातखाना से आगे यातायात के लिए आगामी आदेश तक बंद रखा है।